*वार्ड नंबर 5 व 7 के लोगों को गंदगी से मिलेगी निजात, 4 करोड़ से होगा नाले का निर्माण – सुखराम चौधरी

< *ऊर्जा मंत्री ने पांवटा साहिब में सुनी जन समस्याएँ, मौके पर किया निराकरण* पांवटा साहिब, 05 अगस्त - बहुउद्देशीय परियोजनाएं एवं ऊर्जा मंत्री, हिमाचल प्रदेश सुखराम चौधरी ने कहा कि पाँवटा शहर के वार्ड नंबर 5 व 7 से गुजर रहे गन्दे नाले की समस्या का समाधान जल्द किया जाएगा, जिसके लिए सरकार से 4 करोड़ 2 लाख रूपए की राशि स्वीकृति करवाई गई है।
ऊर्जा मंत्री ने आज पांवटा साहिब के वार्ड नंबर 5 व 7 में विभिन्न विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ लोगों की समस्याएँ सुनी तथा उनका निराकरण भी किया।
इस दौरान जनसभा को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस राशि से गंदे नाले के लिए भूमि अधिग्रहण व नाले को ढकने का कार्य किया जाएगा तथा इसके ऊपर से सड़क का निर्माण भी किया जाएगा। इस राशि के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का धन्यवाद किया। उन्होंने बताया कि पांवटा साहिब प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने इस गंदे नाले की समस्या के समाधान का आश्वासन दिया था। उन्होंने कहा कि पाँवटा साहिब के वासियों के लिए यह बड़ी सौगात है इससे क्षेत्र के लोगों को गंदगी से निजात मिलेगी।
उन्होंने प्रदेश सरकर द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री हिमकेयर, सहारा योजना, मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना, मुख्यमंत्री स्वावलम्बन योजना, शगुन जैसी योजनाएं प्रदेश के जरूरतमंद परिवारों की आवश्यकताओं की पूर्ति में सहायक सिद्ध हो रही हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन में उल्लेखनीय वृद्धि की है और बिना आय सीमा के वृद्धावस्था पेंशन प्राप्त करने की आयु सीमा को पहले 80 वर्ष से घटाकर 70 वर्ष और अब 60 वर्ष कर दिया है। चालू वित्त वर्ष के दौरान जरूरतमंद लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान करने पर 1300 करोड़ रुपये की राशि व्यय की जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण और उनके उत्थान पर विशेष बल दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने जुलाई माह से हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में महिलाओं को बस किराए में 50 प्रतिशत की छूट प्रदान की गई है और घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं को प्रतिमाह 125 यूनिट निःशुल्क बिजली प्रदान की जा रही है।
इस अवसर पर पंचायत समिति अध्यक्ष हितेंद्र कुमार, भाजपा मंडल अध्यक्ष अरविंद गुप्ता, उप मंडल अधिकरी विवेक महाजन, नगर पालिका परिषद की अध्यक्षा निर्मल कौर, अध्यक्ष भारतीय जनता युवा मोर्चा पाँवटा साहिब चरणजीत चौधरी, सदस्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड राहुल चौधरी, कार्यकारी अधिकारी नगर पालिका परिषद अजमेर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *