पांवटा साहिब में वन विभाग का रेंज ऑफिसर 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार, विजिलेंस ने बिछाया जाल

0
22

दीपावली से पहले सिरमौर विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, ट्रैक्टर के चालान न करने की एवज में मांगी थी रिश्वत

पांवटा साहिब। सिरमौर विजिलेंस टीम ने वन विभाग के भंगानी रेंज में तैनात रेंज ऑफिसर सुमन्त कुमार को 10 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। विजिलेंस की इस कार्रवाई से वन विभाग में हड़कंप मच गया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी सुमन्त कुमार पुत्र जी राम, निवासी हरिओम कॉलोनी, भंगानी रेंज में रेंज ऑफिसर के पद पर तैनात था। आरोप है कि वह भंगानी निवासी शिकायतकर्ता इकराम से उसके ट्रैक्टर को खनन कार्य में चलने देने और चालान न करने की एवज में 10 हजार रुपये की मांग कर रहा था।

बताया जा रहा है कि शिकायतकर्ता ने आरोपी की कथित रिश्वत मांगने और लंबे समय से परेशान करने की शिकायत विजिलेंस अधिकारियों से की थी। शिकायतकर्ता की ओर से इस संबंध में लिखित शिकायत के साथ रिकॉर्डिंग भी विजिलेंस को सौंपी गई थी।

इसके बाद विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया। आरोपी ने शिकायतकर्ता को चुंगी नंबर-6 पर पैसे देने के लिए बुलाया था। इसी दौरान विजिलेंस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल विजिलेंस की टीम मौके पर आगामी कानूनी कार्रवाई और मामले की जांच में जुटी हुई है। मामले में अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।