नाथूराम चौहान से मिलने पहुंचे अरविंद गोयल समेत कई गणमान्य लोग, सुरक्षा उपलब्ध करवाने की मांग

0
142

पांवटा साहिब। अमित कुमार

दिल्ली में सड़क दुर्घटना का शिकार हुए समाजसेवी एवं पर्यावरणविद् नाथूराम चौहान का हाल जानने के लिए पांवटा सिविल अस्पताल में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, पत्रकार, जनप्रतिनिधि और शुभचिंतक पहुंचे। इस दौरान जाने-माने समाजसेवी, बिजनेसमैन, वरिष्ठ पत्रकार एवं आरटीआई एक्टिविस्ट श्री अरविंद गोयल, जिला परिषद सदस्य श्री बलबीर पुंडीर, खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक एवं हिमाचल कबड्डी के प्रदेश महासचिव श्री कुलदीप राणा, पूर्व हिंदू जागरण प्रदेश युवा अध्यक्ष एवं भाजपा युवा मोर्चा प्रवक्ता श्री अरुण शर्मा तथा वरिष्ठ पत्रकार पटियाला, पंजाब से श्री दलवीर सुखो सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

इस दौरान अरविंद गोयल ने नाथूराम चौहान के साहस और सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवन में नाथूराम चौहान जैसा साहसी, निडर और निर्भीक व्यक्तित्व बहुत कम देखा है। उन्होंने कहा कि चौहान हमेशा गरीब, दबे-कुचले और उन लोगों की आवाज बनने का प्रयास करते हैं, जिनकी कहीं सुनवाई नहीं होती।

गोयल ने कहा कि स्वयं अस्वस्थ होने के बावजूद जैसे ही उन्हें नाथूराम चौहान के सड़क हादसे की जानकारी मिली, वह उनका हाल जानने पांवटा साहिब पहुंच गए। उन्होंने कहा कि नाथूराम चौहान समाज और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाते रहे हैं।

सुरक्षा उपलब्ध करवाने की सरकार से मांग

अरविंद गोयल ने सरकार और प्रशासन से नाथूराम चौहान तथा उनके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध करवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को लगातार सामाजिक और पर्यावरणीय मुद्दों को उठाने के कारण खतरे की आशंका बनी हुई है, तो उसकी सुरक्षा को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।

उन्होंने दावा किया कि पिछले दो-तीन वर्षों से सरकारी एजेंसियों के आंकड़ों में भी नाथूराम चौहान और उनके परिवार को अराजक तत्वों से खतरे की बात सामने आती रही है। ऐसे में उनके अनुसार, चौहान और उनके परिवार की सुरक्षा को लेकर प्रशासन एवं उच्च अधिकारियों को गंभीरता से विचार करना चाहिए।

गोयल ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में नाथूराम चौहान द्वारा उठाए जा रहे मुद्दों का उल्लेख करते हुए कहा कि वह सड़क से लेकर माननीय सर्वोच्च न्यायालय और राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) तक पर्यावरण से जुड़े मामलों को उठाते रहे हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि कई मामलों में सर्वोच्च न्यायालय के आदेश पर संयुक्त निरीक्षण समितियां गठित होती हैं। उनके अनुसार, ऐसी समितियों में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी रहती है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े स्थानीय पुलिस अधिकारी की भूमिका को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को विचार करना चाहिए।

‘पांवटा साहिब और हिमाचल के लिए गौरव’

अरविंद गोयल ने कहा कि नाथूराम चौहान जैसे लोग पांवटा साहिब, सिरमौर और हिमाचल का नाम देश ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्यावरण के मुद्दों को उठाकर सामने ला रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति समाज और पर्यावरण के लिए लगातार संघर्ष कर रहा हो, उसकी सुरक्षा और रक्षा करना समाज तथा प्रशासन की भी जिम्मेदारी है।


वहीं नाथूराम चौहान ने अस्पताल पहुंचकर उनका हाल जानने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से अरविंद गोयल सहित सभी शुभचिंतकों द्वारा दुर्घटना के बाद अस्पताल पहुंचकर उनका हाल जानने और समर्थन देने के लिए धन्यवाद किया।

इस अवसर पर अरविंद गोयल ने नाथूराम चौहान के दुर्घटना में सुरक्षित बचने पर खुशी जताते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और किसी भी परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।