पांवटा साहिब: क्रांति ज्वाल प्रजामंडल हिमाचल प्रदेश के संस्थापक श्री भरत ठाकुर अपनी पूरी टीम के साथ आज पांवटा साहिब के सिविल अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने उपचाराधीन समाजसेवी एवं पर्यावरणविद् नाथूराम चौहान का हालचाल जाना।
भरत ठाकुर ने कहा कि नाथूराम चौहान आम आदमी, जल, जंगल, जमीन और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों को लेकर सड़क से लेकर सर्वोच्च न्यायालय और राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) तक आवाज उठाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि चौहान जैसे सामाजिक कार्यकर्ताओं की सुरक्षा को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि “नाथूराम चौहान हम सबका गौरव हैं और ऐसे लोग समाज की धरोहर होते हैं।” उनके अनुसार, चौहान और उनके परिवार की सुरक्षा को लेकर सरकार का रवैया समझ से परे है। उन्होंने मांग की कि सरकार चौहान और उनके परिवार की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करे और आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध करवाए।
भरत ठाकुर ने कहा कि जिला सिरमौर पर्यावरण की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र है, ऐसे में पर्यावरण संरक्षण से जुड़े मुद्दों पर लगातार सक्रिय रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन और सरकार को गंभीरता दिखानी चाहिए।
उन्होंने सरकार से मांग की कि नाथूराम चौहान और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शीघ्र उचित कदम उठाए जाएं।
इस दौरान क्रांति ज्वाल प्रजामंडल की टीम के सदस्य भी मौजूद रहे।



















































