रिपोर्ट: अमित कुमार
पांवटा साहिब। नगर परिषद पांवटा साहिब में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव के बाद भारतीय जनता पार्टी समर्थित उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। निर्मल कौर नगर परिषद की नई अध्यक्ष निर्वाचित हुईं, जबकि इंद्रजीत सिंह मिक्का उपाध्यक्ष चुने गए।
परिणाम घोषित होने के बाद नगर परिषद परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया तथा समर्थकों ने जीत का जश्न मनाते हुए एक-दूसरे को बधाई दी।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, पार्षद और कार्यकर्ता मौजूद रहे। समर्थकों ने विश्वास जताया कि नई टीम शहर में विकास कार्यों को गति देगी तथा जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाएगी।
शपथ ग्रहण के बाद नगर परिषद की नई टीम से शहर में स्वच्छता, सड़क, पार्क, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास को लेकर लोगों की अपेक्षाएं बढ़ गई हैं।



















































