पांवटा नगर परिषद: अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुनाव के लिए दूसरी तारीख तय, 6 जुलाई को होगा मतदान

0
27

पांवटा साहिब, 4 जुलाई: नगर परिषद पांवटा साहिब के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव के लिए नई तारीख घोषित कर दी गई है। उपमंडलाधिकारी (नागरिक) एवं पीठासीन अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब यह चुनाव 6 जुलाई 2026 (सोमवार) सुबह 10:30 बजे नगर परिषद हॉल, पांवटा साहिब में आयोजित किया जाएगा।
जारी नोटिस के अनुसार, 4 जुलाई को प्रस्तावित चुनाव कोरम पूरा न होने के कारण संपन्न नहीं हो सका। इसके बाद हिमाचल प्रदेश नगर पालिका चुनाव नियम, 2015 के नियम 89 एवं 91 तथा हिमाचल प्रदेश नगर पालिका अधिनियम, 1994 की धारा 22 के तहत सभी निर्वाचित पार्षदों को दूसरी बैठक के लिए नोटिस जारी किया गया है।
पीठासीन अधिकारी ने सभी 13 निर्वाचित पार्षदों से निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का आग्रह किया है।
अब 6 जुलाई को होने वाली बैठक पर सभी की निगाहें टिकी हैं, क्योंकि इसी दिन नगर परिषद पांवटा साहिब को नया अध्यक्ष और उपाध्यक्ष मिलने की संभावना है।