भगवान वाल्मीकि चौक की बेअदबी बर्दाश्त नहीं: अमित वाल्मीकि की प्रशासन को दो टूक चेतावनी, 26 अक्टूबर के बाद होगा नाहन कूच

0
21

नाहन, सिरमौर। भगवान महर्षि वाल्मीकि जी के चौक के साथ कथित छेड़छाड़ और तोड़फोड़ के प्रयास को लेकर समाज में रोष बढ़ता जा रहा है। महर्षि वाल्मीकि गुरु रविदास यूथ एकता महासभा हिमाचल प्रदेश के प्रदेशाध्यक्ष अमित वाल्मीकि ने सिरमौर प्रशासन और पुलिस से मामले में जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।

अमित वाल्मीकि ने कहा कि भगवान वाल्मीकि चौक की बेअदबी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों की पहचान की जाए और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 26 अक्टूबर 2026 तक कार्रवाई नहीं हुई, तो इसके बाद समाज के लोग नाहन कूच करेंगे और अपना विरोध दर्ज करवाएंगे।

अमित वाल्मीकि ने प्रशासन से अपील की कि मामले की गंभीरता को देखते हुए समय रहते उचित कदम उठाए जाएं, ताकि समाज की भावनाओं का सम्मान हो और स्थिति शांतिपूर्ण बनी रहे।

#NahanNews #SirmaurNews #AmitValmiki #ValmikiChowk #HimachalPradesh #AMHNews