फॉरेस्ट विभाग से डरकर रामपुर घाट से भागा ट्रक चालक, बद्रीपुर गुरुद्वारे के पास पीछा कर पकड़ा

0
33

पांवटा साहिब: रामपुर घाट क्षेत्र में फॉरेस्ट विभाग की टीम को देखकर एक ट्रक चालक के ट्रक लेकर भागने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार फॉरेस्ट विभाग के कर्मचारी ट्रक के पीछे लगे हुए थे। चालक ट्रक को लेकर रामपुर घाट से तेज गति से निकल गया, जिसके बाद विभागीय टीम ने उसका पीछा शुरू कर दिया।

बताया जा रहा है कि पीछा करते हुए ट्रक बद्रीपुर गुरुद्वारे के पास पहुंचा, जहां लोगों ने किसी तरह ट्रक को रोक लिया। इस दौरान ट्रक की चपेट में आने से कई लोग बाल-बाल बचने की बात सामने आ रही है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

ट्रक रुकने के बाद गुस्साए लोगों ने चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को लोगों के कब्जे से छुड़ाकर अपने हवाले कर लिया। पुलिस चालक को PCR वाहन में बैठाकर थाने ले गई।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। ट्रक चालक फॉरेस्ट विभाग की टीम को देखकर क्यों भागा, ट्रक में क्या सामान था और बद्रीपुर में हुई घटना के दौरान वास्तव में क्या हुआ, इन सभी पहलुओं को लेकर जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई पुलिस जांच के आधार पर की जाएगी।