भारत जोड़ो यात्रा में कांगड़ा आएगी सरकार, 18 जनवरी को राहुल गांधी के साथ होंगे मुख्यमंत्री-प्रतिभा सिंह

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में अब पूरी सरकार जाएगी। यह यात्रा 18 जनवरी को हिमाचल में एंटर हो रही है*

*और उसी दिन हिमाचल से पंजाब में वापस चली जाएगी। अभी चल रही तैयारियों के मुताबिक मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के अलावा उनके सभी कैबिनेट मंत्री इस यात्रा का हिस्सा बनेंगे।*

इसके अलावा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और सभी कांग्रेस विधायक तथा पदाधिकारी भी यात्रा में शामिल होंगे। राहुल गांधी की यह यात्रा कांगड़ा जिला के बॉर्डर क्षेत्र मीरथल से हिमाचल में प्रवेश करेगी। इसके बाद इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के तहत चक्की में यात्रा वापस पंजाब चली जाएगी। यात्रा के इंतजामों को देखने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह 16 जनवरी को दिल्ली से कांगड़ा पहुंच रही हैं।
वह इंदौरा के कंदरोड़ी में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों का जायजा लेंगी। 17 जनवरी को भी प्रतिभा सिंह इंदौरा में ही होंगी और यात्रा से जुड़ी तैयारियों को देखेंगी। 18 जनवरी को राहुल गांधी इस यात्रा के साथ हिमाचल में दाखिल होंगे और प्रतिभा सिंह उनके साथ रहेंगी। इसके बाद प्रतिभा सिंह रात्रि विश्राम के लिए चंडीगढ़ जाएंगी। मुख्यमंत्री का टूअर प्रोग्राम अभी जारी होना है, लेकिन कांगड़ा जिला प्रशासन को मुख्यमंत्री और मंत्रियों को लेकर अलर्ट पर रखा गया है।
चुनाव क्षेत्रों को निकले मंत्री
मुख्यमंत्री भारत जोड़ो यात्रा के बाद ही अपने चुनाव क्षेत्र जाएंगे, लेकिन उनके मंत्री अपने चुनाव क्षेत्रों को रवाना हो गए हैं। शनिवार को स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल सोलन पहुंचे, जबकि कृषि और पशुपालन मंत्री चंद्र कुमार भी कांगड़ा दौरे पर हैं। सिरमौर के शिलाई विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीतकर उद्योग मंत्री बने हर्षवर्धन सिंह चौहान भी 15 और 16 जनवरी को अपने चुनाव क्षेत्र के लोगों से मिलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *