नड्डा के ‘घर’ में कांग्रेस के समक्ष बढ़त लेने की चुनौती

2019 में भाजपा प्रत्याशी को मिली थी 18206 मतों की लीड

लोकसभा चुनाव-2024 में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के गृह हलके सदर बिलासपुर में कांग्रेस के समक्ष लाज बचाने की चुनौती है।*

पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी का कैंडिडेट बिलासपुर जिला से ही होने के बावजूद सदर से भाजपा को 18206 मतों की लीड मिली थी। यदि बूथबाइज तुलना की जाए, तो भी भाजपा ने लगभग सभी बूथों पर अच्छी खासी बढ़त प्राप्त की थी। इस लिहाज से इस बार का चुनाव बढ़त बनाने के लिहाज से कांग्रेस के लिए प्रतिष्ठा का सवाल है। लोकसभा चुनाव-2019 में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से भाजपा की ओर से प्रत्याशी अनुराग ठाकुर और कांग्रेस से रामलाल ठाकुर ने चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में अनुराग ठाकुर ने सदर बिलासपुर हलके से 37,137 मतों की लीड ली थी, जबकि कांग्रेस कैंडिडेट रामलाल ठाकुर को 18931 मतों से संतोष करना पड़ा था। भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर 18206 मतों की लीड लेने में कामयाब हुए थे। सदर के लगभग सभी बूथों में भी भाजपा की बढ़त रही थी। कुल 101 बूथों में चम्यौण और टाउन हाल ही बूथ ऐसे थे जहां कांग्रेस प्रत्याशी को लीड मिल सकी थी। चम्यौण बूथ में भाजपा प्रत्याशी को 73 और कांग्रेस प्रत्याशी को 90 मत प्राप्त हुए थे और टाउन हाल बूथ में भाजपा प्रत्याशी को 290 और कांग्रेस प्रत्याशी को 355 मत प्राप्त हुए थे। इन दो बूथों के अलावा बाकी लगभग सभी बूथों पर भाजपा ने परचम लहराया।
433 मतदाताओं ने नोटा का बटन दबाया था। ऐसे में भारी मतों से लीड लेने में कामयाब रही भाजपा इस बार 25 हजार से अधिक मतों की लीड के लक्ष्य के साथ कांग्रेस को कड़ी टक्कर देने के लिए सियासी जमीन पर कार्यरत है, जबकि अभी तक कांग्रेस का कैंडिडेट तय न होने की वजह से कांग्रेस प्रचार को लेकर मैदान में पूरी तरह से नहीं उतर पाई है। बिलासपुर में प्रचार के मामले में भाजपा के मुकाबले कांग्रेस काफी पीछे है। भाजपा विधायक त्रिलोक जम्वाल एडवांस तैयारी में हैं और सदर मंडल के त्रिदेव सम्मेलन के बाद विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों की बैठक कर चुके हैं, जबकि हाल ही में देलग में अनुसूचित जाति मोर्चा की बैठक से माहौल तैयार करने की कोशिश की। दूसरी ओर, कुछ समय पहले कांग्रेस ने जिलास्तर की बैठक की थी, जिसके बाद हाल ही में ऊना से ताल्लुक रखने वाले पार्टी के संसदीय क्षेत्र से संभावित प्रत्याशी सतपाल रायजादा का कार्यक्रम हुआ है। कुल चार में से तीन भाजपा विधायकों वाले जिला बिलासपुर में कांग्रेस के समक्ष चुनौतियां अधिक हैं।
25 हजार से अधिक मतों की लीड दिलाने का लक्ष्य
सदर बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक त्रिलोक जम्वाल का कहना है कि लोकसभा चुनाव में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से प्रत्याशी अनुराग ठाकुर के पक्ष में माहौल तैयार किया जा रहा है। इस बार सदर से 25 हजार से अधिक मतों की लीड दिलाने का लक्ष्य तय किया गया है, जिसे हासिल करने के लिए सभी नेता व कार्यकर्ता दिन-रात कड़ी मेहनत कर रहे हैं और मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव, जन जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।
कांग्रेस प्रत्याशी की जीत के लिए करेंगे काम
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक बंबर ठाकुर का कहना है कि कांग्रेस पार्टी की तरफ से जो भी प्रत्याशी घोषित होगा, उसकी विजय सुनिश्चित करने व सदर से बढ़त दिलाने में दिन-रात काम किया जाएगा। हम खुद फील्ड में जा रहे हैं और लोगों से मिलकर पार्टी के लिए समर्थन जुटा रहे हैं। सदर से सरकार में ओहदा प्राप्त नेताओं से भी आग्रह रहेगा कि वे अपने-अपने बूथों से पार्टी को लीड दिलाएं। रूठे कार्यकर्ताओं को मनाने का जिम्मा मेरा है और हम सभी को साथ लेकर चलेंगे।