कर्नाटक में स्टार प्रचारक होंगे सुखविंदर सिंह सुक्खू, हिमाचल में चुनाव जीतने के बाद मिली बड़ी जिम्मेदारी

*लिस्ट में मल्लिकार्जुन खडग़े, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी शामिल*

*हिमाचल, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के मुख्यमंत्री निभाएंगे अहम भूमिका*

*कांग्रेस हाईकमान ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अहम भूमिका तय कर दी है। मुख्यमंत्री कर्नाटक में कांग्रेस के स्टार प्रचारक होंगे। वहां 10 मई को चुनाव होने जा रहे हैं।*

इन चुनाव को लेकर कांग्रेस ने 40 स्टार प्रचारक तय किए हैं। इनमें कांग्रेस शासित तीनों राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ ही राजस्थान के अशोक गहलोत और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का नाम इस लिस्ट में शामिल है। इसके साथ ही कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता सबसे बड़े चेहरे इस लिस्ट में हैं। इनमें कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी के साथ ही मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का भी नाम शामिल किया गया है। हिमाचल में विधानसभा चुनाव जीतने के बाद कांग्रेस की किसी राज्य में यह पहली परीक्षा है। कांग्रेस ने हिमाचल में प्रियंका गांधी की अगवाई में चुनाव लड़ा था और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू इस चुनाव में प्रचार समिति के अध्यक्ष बनाए गए थे।
हिमाचल में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को प्रभारी बनाया गया था, जबकि राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत स्टार प्रचारक थे। चुनाव में कांग्रेस ने 40 सीटें जीत ली थीं। अब कर्नाटक में भी इसी तरह के प्रदर्शन को दोहराने की तैयारी में कांग्रेस है। इसके लिए देश भर से उन नेताओं को स्टार प्रचारक बनाया गया है। सुक्खू आगामी दिनों में प्रचार के लिए कर्नाटक का दौरा करेंगे। इस 40 सदस्यीय सूची में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के अलावा केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश, विरप्पा मोईली, पी चिंदबरम, पृथ्वीराज च्वाहण, अशोक च्वाहण, शशि थरूर, राज बब्बर, मोहम्मद अजहरूदीन और कन्हैया कुमार शामिल हैं। कांग्रेस ने स्टार प्रचारकों की यह लिस्ट बुधवार को जारी की है। कांग्रेस महासचिव मुकुल वासनिक ने कहा कि कांग्रेस के स्टार प्रचारक कर्नाटक चुनाव में पार्टी की जीत के लिए मेहनत करेंगे। उधर, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को स्टार प्रचारक बनाए जाने से राष्ट्रीय राजनीति में उनका कद बढ़ गया है। (एचडीएम)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *