आज फाइनल होंगे प्रदेश के कांग्रेस प्रत्याशी

दिल्ली में जुटेंगे नेता, मल्लिकार्जुन खडग़े करेंगे केंद्रीय चुनाव समिति की अध्यक्षता

कांग्रेस की चारों लोकसभा सीटों समेत छह विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए टिकटों पर फैसला शनिवार को होने की संभावना है।*

केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में कांग्रेस के उम्मीदवार तय हो जाएंगे। केंद्रीय चुनाव समिति के पास संभावित नामों की सूची पहुंच चुकी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े इस बैठक की अध्यक्षता करेंगे।

केंद्रीय चुनाव समिति में 16 सदस्य हैं। इसमें कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी मीटिंग में शामिल होंगे। गौरतलब है कि प्रदेश में लोकसभा के चुनाव पहली जून को आखिरी चरण में होने हैं। ऐसे में कांग्रेस बिना कोई जल्दबाजी किए टिकटें तय करने में लगी है। अभी तक समन्वय और स्क्रीनिंग कमेटी की सिफारिशों के साथ ही सर्वे को भी टिकट का आधार बनाया गया है। कांग्रेस की टिकट तय होने के साथ ही प्रचार का दौर भी प्रदेश में शुरू हो जाएगा। हिमाचल में प्रियंका गांधी वाड्रा समेत मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रतिभा सिंह और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के कंधों पर प्रचार का दारोमदार रहेगा। उम्मीद है कि जल्द सभी सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा हो जाएगी।
केंद्रीय चुनाव समिति में कौन-कौन नेता शामिल
राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े समिति के अध्यक्ष हैं, जबकि इसमें 16 सदस्यों को शामिल किया गया है। इस समिति में मल्लिकार्जुन खडग़े के अलावा सोनिया गांधी, राहुल गांधी, अंबिका सोनी, अधीर रंजन चौधरी, सलमान खुर्शीद, मधुसूदन मिस्त्री, एन. उत्तम कुमार रेड्डी, टीएस सिंह देओ, केजे जोर्जे, प्रीतम सिंह, मोहम्मद जावेद, यामी याज्ञनिक, पीएल पुनिया, ओंकार मार्कम और केसी वेणुगोपाल शामिल हैं। चुनाव समिति का मुख्य कार्य राज्यों से शार्टलिस्ट उम्मीदवारों का नाम तय करना है।
संभावित प्रत्याशियों में इन नेताओं के नाम सबसे आगे
संभावित लोकसभा प्रत्याशियों में मंडी विक्रमादित्य सिंह, शिमला विनोद सुल्तानपुरी, हमीरपुर सतपाल रायजादा और कांगड़ा आशा कुमारी, डा. राजेश शर्मा सहित अन्य नामों पर चर्चा हो रही है। दूसरी ओर विधानसभा के संभावित प्रत्याशियों में नया नाम नया नाम उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की बेटी आस्था का जुड़ गया है। कांग्रेस के सर्वे के आधार पर उन्हें गगरेट से आगे बताया गया है। हालांकि यहां राकेश कालिया भी मुकाबले में बने हुए हैं। इसके अलावा धर्मशाला से देवेंद्र जग्गी, बड़सर से मंजीत डोगरा, सुजानपुर से कुलदीप पठानिया, गगरेट से राकेश कालिया के साथ भी जुड़ गया है। कुटलैहड़ से विवेक शर्मा और लाहुल स्पीति से रामलाल मार्कंडेय का नाम पर लगातार चर्चा में है। बहरहाल, अब देखना यह है कि केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में किन नामों पर मुहर लगती है। विधानसभा से पहले लोकसभा प्रत्याशियों के ऐलान की ज्यादा संभावना है। ऐसे में शनिवार को कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति सिर्फ लोकसभा प्रत्याशियों का ही ऐलान कर सकती है, जबकि विधानसभा पर फैसला इसके बाद लिया जा सकता है।