पांवटा साहिब/मिश्रवाला। जिला सिरमौर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मिश्रवाला क्षेत्र में 18.94 ग्राम चिट्टा/स्मैक बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में पंजाब के मोहाली जिले के दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 21 अक्टूबर 2026 को SIU नाहन की टीम मिश्रवाला क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान NH-07 पर हिमाचल होम स्टे के समीप गुप्त सूचना के आधार पर PB65AH-5468 नंबर की Hyundai i20 कार में सवार दो व्यक्तियों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 18.94 ग्राम चिट्टा/स्मैक बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमरजीत सिंह (38 वर्ष), निवासी खिजराबाद, जिला मोहाली, पंजाब, और गुरप्रीत सिंह (30 वर्ष), निवासी गांव भंजौली, जिला मोहाली, पंजाब के रूप में हुई है।
इस संबंध में पुलिस थाना माजरा में NDPS एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों को अदालत में पेश किया जाना है। मामले की आगामी जांच जारी है और पुलिस नशीले पदार्थ के स्रोत तथा इस कारोबार से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।



















































