पांवटा साहिब में युवक की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी, दो संदिग्ध हिरासत में

0
109

पांवटा साहिब। विश्वकर्मा चौक पर हुए लड़ाई-झगड़े में एक व्यक्ति की मौत के मामले में पांवटा साहिब पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद दोनों को हिरासत में लिया।

18 अगस्त 2026 को सिविल अस्पताल पांवटा साहिब से पुलिस को सूचना मिली कि विश्वकर्मा चौक पर हुए लड़ाई-झगड़े में घायल एक व्यक्ति को एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल लाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान भाव सिंह पुत्र सही राम, निवासी गांव आवत, डाकघर कोटी उतरउ, तहसील शिलाई, जिला सिरमौर, उम्र 54 वर्ष के रूप में हुई है।

मामले में थाना पांवटा साहिब में अभियोग संख्या 161/2026, दिनांक 18.08.2026, धारा 103(1) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया है।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच की। फुटेज के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में लिया।

हिरासत में लिए गए संदिग्धों की पहचान मौहम्मद आमिर उर्फ फग्गु पुत्र मौहम्मद आरिफ, निवासी वार्ड नंबर 9, देवी नगर, पांवटा साहिब, उम्र 21 वर्ष तथा रेखा उर्फ अन्नु पत्नी साहिल, निवासी वार्ड नंबर 7, वाल्मिकी बस्ती, पांवटा साहिब, उम्र 29 वर्ष के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में दोनों संदिग्धों की घटना में संलिप्तता सामने आई है। दोनों से गहन पूछताछ की जा रही है और घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच अभी जारी है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।