DC सिरमौर को सौंपे गए ज्ञापन पर कार्रवाई नहीं, विकास मंच ने उठाए सवाल

0
153

पांवटा साहिब, 2 अप्रैल।
पांवटा साहिब में प्राइवेट स्कूलों की बढ़ती फीस, एडमिशन चार्जेस, महंगी किताबों और यूनिफॉर्म को लेकर उठे विवाद के बीच अब प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। अभिभावकों और सामाजिक संगठनों द्वारा उपायुक्त (DC) सिरमौर को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन आरोप है कि अब तक इस पर कोई ठोस कार्रवाई या नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया है।
श्री पांवटा साहिब विकास मंच के अध्यक्ष ज्ञान सिंह चौहान ने प्रशासन की चुप्पी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यह मुद्दा सीधे तौर पर आम जनता, खासकर मिडिल क्लास परिवारों से जुड़ा हुआ है, फिर भी इसे नजरअंदाज किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्राइवेट स्कूलों द्वारा हर साल एडमिशन फीस वसूली जा रही है, साथ ही किताबें और यूनिफॉर्म भी तय दुकानों से महंगे दामों पर खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा है। इससे अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
विकास मंच ने मांग की है कि:
प्राइवेट स्कूलों की फीस पर नियंत्रण लगाया जाए
“वन टाइम एडमिशन फीस” का नियम पूरे हिमाचल प्रदेश में लागू किया जाए
किताबों और यूनिफॉर्म की खरीद में पारदर्शिता लाई जाए
मंच का कहना है कि यदि जल्द ही प्रशासन द्वारा इस मामले में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो अभिभावकों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।