पांवटा साहिब : सवा 54 लाख में बिका झूलों का प्लॉट, होली मेले की तैयारियां तेज

0
223
ø;

अमित कुमार

पांवटा साहिब के ऐतिहासिक होली मेले को लेकर नगर परिषद द्वारा झूलों की ऑनलाइन नीलामी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इस बार झूलों के प्लॉट की सबसे बड़ी बोली 54,31,700 रुपये लगी है, जिससे नगर परिषद को अच्छी आमदनी होने की उम्मीद है।
जानकारी के अनुसार मेले में झूले लगाने के लिए ऑनलाइन बोली आमंत्रित की गई थी। पिछली बार यह बोली 58 लाख रुपये तक पहुंची थी, जबकि इस वर्ष यह लगभग तीन लाख रुपये कम रही। इसके बावजूद नगर परिषद को इस नीलामी से बड़ा राजस्व प्राप्त हुआ है।
मेले के दौरान मैदान में झूलों के अलावा स्टॉल और पार्किंग की भी नीलामी की गई। अधिकारियों के मुताबिक पार्किंग और लाइट व्यवस्था की भी अलग से बोली लगी है।
इस बार मेले में विभिन्न झूलों और मनोरंजन साधनों के टिकट दरें भी तय कर दी गई हैं। छोटे झूले का टिकट 40 रुपये, बड़े झूले का 60 रुपये, ‘मौत का कुआं’ 60 रुपये और अन्य राइड्स 30 से 60 रुपये तक निर्धारित किए गए हैं।
नगर परिषद के अधिकारियों ने बताया कि मेले की तैयारियां जोरों पर हैं और सुरक्षा व व्यवस्थाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। मेला चार मार्च से दस मार्च तक आयोजित किया जाएगा।
होली मेले को लेकर शहरवासियों में उत्साह देखा जा रहा है और प्रशासन भी इसे सफल बनाने के लिए जुटा हुआ है।