8वें नेशनल मास्टर्स गेम्स पुणे हॉकी टूर्नामेंट में हिमाचल प्रदेश उपविजेता

0
52

दुबई में होने वाले अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के लिए हिमाचल के 5 खिलाड़ियों का चयन

महाराष्ट्र के पुणे में आयोजित 8वें नेशनल मास्टर्स गेम्स हॉकी टूर्नामेंट में हिमाचल प्रदेश हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में उपविजेता का खिताब अपने नाम किया।

30+ आयु वर्ग की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में हिमाचल प्रदेश को केरल की टीम के खिलाफ कड़े संघर्ष के बाद पेनल्टी स्ट्रोक में 5–4 से हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले निर्धारित समय तक मुकाबला 2–2 की बराबरी पर समाप्त हुआ, जिसमें हिमाचल की ओर से आसिफ़ और कप्तान हेमंत कुमार ने एक-एक महत्वपूर्ण गोल दागे।

फाइनल मैच के दौरान हिमाचल प्रदेश की टीम ने पूरे समय अनुशासन, तेज़ आक्रमण और मजबूत रक्षा का बेहतरीन प्रदर्शन किया। मुकाबला बेहद रोमांचक रहा और दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने उच्च स्तरीय खेल का परिचय दिया।

हिमाचल प्रदेश टीम का नेतृत्व कप्तान हेमंत कुमार ने किया। टीम के खिलाड़ियों आसिफ, प्रवेश शर्मा, कपिल, चंदन, जाफ़र अली, कुणाल, आकाश, मनीष, विशाल, नितिन, सुरजीत और अमृतपाल सिंह सहित अन्य खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
वहीं गोलकीपर मनोज ने कई महत्वपूर्ण बचाव कर टीम को निर्णायक क्षणों तक मुकाबले में बनाए रखा।

टीम को कोच नीरज महेश्वरी का कुशल मार्गदर्शन प्राप्त हुआ, जबकि टीम मैनेजर अनुराग गुप्ता की रणनीतिक भूमिका भी अत्यंत सराहनीय रही।

इस शानदार प्रदर्शन का सुखद परिणाम यह रहा कि हिमाचल प्रदेश हॉकी टीम के 5 खिलाड़ियों का चयन दुबई में होने वाले अंतरराष्ट्रीय मास्टर्स हॉकी मुकाबलों के लिए किया गया है, जो प्रदेश के लिए गर्व की बात है।

हिमाचल प्रदेश की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से प्रदेश भर के खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों में खुशी की लहर है।