जर्जर सड़कों और बेलगाम ट्राला-टिपर संचालन के खिलाफ भाजपा युवा मोर्चा का प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

0
19

पांवटा साहिब | 23 जुलाई 2026
भारतीय जनता युवा मोर्चा, मंडल पांवटा साहिब ने क्षेत्र की जर्जर सड़कों और भारी वाहनों की लापरवाही के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए एसडीएम पांवटा साहिब को विस्तृत ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन मंडल अध्यक्ष संयम गुप्ता के नेतृत्व में सौंपा गया।
इससे पहले आयोजित बैठक में संगठनात्मक विषयों, आगामी कार्यक्रमों, नव मतदाता जोड़ो अभियान, बूथ सशक्तिकरण तथा क्षेत्र की जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य चरणजीत चौधरी ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने और नए मतदाताओं को जोड़ने का आह्वान किया।
ज्ञापन में भगानी मार्ग, विश्वकर्मा चौक–देवीनगर मार्ग, जामनीवाला मार्ग और गिरिपार क्षेत्र की जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत, बरसात के बाद स्थायी पुनर्निर्माण, जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने और सड़क रखरखाव की प्रभावी योजना लागू करने की मांग उठाई गई। युवा मोर्चा ने कहा कि गहरे गड्ढों के कारण कई ई-रिक्शा और दोपहिया वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं, जिससे लोगों में रोष है।
इसके साथ ही नगर परिषद क्षेत्र में ट्राला और टिपर चालकों द्वारा यातायात नियमों की अनदेखी पर भी चिंता जताई गई। ज्ञापन में रात 10 बजे के बाद ही भारी वाहनों के प्रवेश के नियम का सख्ती से पालन, गति सीमा लागू करने, विश्वकर्मा चौक पर नियमित पुलिस तैनाती, बिना नंबर प्लेट, फर्जी पंजीकरण, बिना लाइसेंस और नाबालिग चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
मंडल अध्यक्ष संयम गुप्ता ने कहा कि यदि समय रहते इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो गंभीर हादसे हो सकते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं होने पर भाजपा युवा मोर्चा जनहित में लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण आंदोलन करेगा।