आधी सड़क बनाकर गायब हुआ विभाग, क्या कुंभकर्णी नींद सो रहा है लोक निर्माण विभाग?

0
33

देवी नगर–रामपुर घाट रोड पर अधूरा निर्माण बना लोगों की परेशानी, कॉलेज, स्कूल और फैक्ट्रियों में जाने वाले बच्चे व कर्मचारी धूल-मिट्टी से बेहाल।
पांवटा साहिब। देवी नगर–रामपुर घाट रोड पर सड़क निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार और अधूरे काम ने स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। करीब 20 दिन बीत जाने के बाद भी सड़क का निर्माण पूरा नहीं हो पाया है। आधी सड़क बनाकर विभाग और निर्माण कार्य से जुड़े लोग जैसे गायब ही हो गए हैं।
सड़क पर उड़ती धूल से सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों, कॉलेज के विद्यार्थियों और फैक्ट्रियों में काम करने वाले कर्मचारियों को उठानी पड़ रही है। रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को धूल के गुबार के बीच सफर करना पड़ रहा है। दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों का बुरा हाल है।
हैरानी की बात यह है कि सड़क के जो हिस्से पहले से ठीक थे, वहां निर्माण कर दिया गया, जबकि जिन हिस्सों में सड़क बुरी तरह टूटी हुई थी, वे आज भी निर्माण की राह देख रहे हैं।
अब सवाल यह उठता है कि क्या संबंधित विभाग कुंभकर्णी नींद सो रहा है? क्या अधिकारियों को आम जनता और स्कूली बच्चों की परेशानी दिखाई नहीं दे रही?
आखिर कब पूरी होगी देवी नगर–रामपुर घाट रोड?
स्थानीय लोगों की मांग है कि संबंधित विभाग तुरंत संज्ञान ले, निर्माण कार्य में तेजी लाए और सड़क पर उड़ती धूल से राहत दिलाने के लिए उचित व्यवस्था करे। जनता को आश्वासन नहीं, पूरी सड़क चाहिए।