खारा ब्लॉक में शराब माफिया के खिलाफ वन विभाग की कार्रवाई, 950 लीटर लाहन नष्ट

0
16

पांवटा साहिब: अमित कुमार

खारा ब्लॉक में अवैध कच्ची शराब बनाने वालों के खिलाफ वन विभाग ने लगातार दूसरे दिन कार्रवाई करते हुए करीब 950 लीटर लाहन मौके पर नष्ट किया।

जानकारी के अनुसार, 15 सितंबर 2026 को सहायक अरण्यपाल पांवटा साहिब श्री आदित्य शर्मा, वन परिक्षेत्र अधिकारी श्री सुरेंद्र शर्मा, वन उप-राजिक मुद्दसीर नजर तथा वन मित्र अभिषेक द्वारा सामूहिक गश्त के दौरान आरक्षित वन खारा भाग-18 में कार्रवाई की गई। इस दौरान एक भट्टी और एक ड्रम में रखा करीब 150 लीटर लाहन मौके पर नष्ट किया गया।

वहीं, 17 सितंबर 2026 को वन परिक्षेत्र अधिकारी पांवटा साहिब के निर्देशानुसार खारा ब्लॉक की टोका बीट में शराब माफिया के खिलाफ विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई।

टीम ने आरक्षित वन लाईं भाग-15 में एक भट्टी और तीन ड्रमों में रखा करीब 450 लीटर लाहन तथा आरक्षित वन लाईं भाग-20 में एक भट्टी और दो ड्रमों में रखा करीब 350 लीटर लाहन मौके पर नष्ट किया।

इस कार्रवाई में रमजान वनकर्मी, अभिषेक कुमार और पूजा देवी वन मित्र मौजूद रहे।

वन विभाग की लगातार कार्रवाई से जंगलों में अवैध रूप से कच्ची शराब तैयार करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आरक्षित वन क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।