हार के बाद भी निभाया वादा, वार्ड नंबर 9 में राजेंद्र सिंह ने लगवाया बोरवेल

0
26

पांवटा साहिब के वार्ड नंबर 9 से पार्षद पद के प्रत्याशी रहे एवं ठेकेदार राजेंद्र सिंह ने चुनाव हारने के बावजूद जनता से किए अपने वादे को पूरा कर मिसाल पेश की है। उन्होंने क्षेत्र में एक बोरवेल लगवाया है ताकि स्थानीय लोगों को पेयजल की समस्या से राहत मिल सके और उनकी प्यास बुझाई जा सके।
गौरतलब है कि नगर परिषद चुनाव में वार्ड नंबर 9 से राजेंद्र सिंह को 252 मत प्राप्त हुए थे और वह दूसरे स्थान पर रहे थे। हालांकि चुनावी हार के बाद भी उन्होंने क्षेत्र की जनता से अपना जुड़ाव बनाए रखा और विकास कार्यों को जारी रखा।
स्थानीय महिलाओं ने राजेंद्र सिंह के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने साबित कर दिया है कि जनसेवा केवल चुनाव जीतने तक सीमित नहीं होती। महिलाओं का कहना है कि राजेंद्र सिंह चुनाव हारने के बाद भी उनके दिलों में जीत गए हैं क्योंकि उन्होंने लोगों की जरूरत को समझते हुए बोरवेल लगवाकर पेयजल की समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
महिलाओं ने कहा कि गर्मी के इस मौसम में बोरवेल लगने से क्षेत्र के लोगों को काफी राहत मिलेगी। उन्होंने राजेंद्र सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने बिना किसी पद पर रहते हुए भी जनता की समस्या को प्राथमिकता दी और अपने वादे को पूरा कर दिखाया।
राजेंद्र सिंह का यह कदम क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इसे जनसेवा, जिम्मेदारी और वादों को निभाने की एक सकारात्मक पहल के रूप में देख रहे हैं।