Himachal Panchayat Election: पंचायत चुनाव के लिए तैयारियां तेज, 31 मार्च को फाइनल होगा रोस्टर

0
85

Himachal Panchayat Election: पंचायत चुनाव के लिए तैयारियां तेज, 31 मार्च को फाइनल होगा रोस्टर

हिमाचल में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनावों को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रदेश सरकार ने सभी उपायुक्तों को रोस्टर प्रक्रिया संबंधी विस्तृत गाइडलाइन जारी कर दी है।

20 मार्च से जिलों में रोस्टर निर्धारण का कार्य शुरू होगा, जबकि 30 मार्च तक इसे अंतिम रूप दे दिया जाएगा।

31 मार्च को उपायुक्त अपने अपने जिलों के पंचायतीराज संस्थाओं के रोस्टर जारी कर देंगे। सरकार की ओर से स्पष्ट किया गया है कि नई बनने वाली पंचायतों और पुनर्सीमांकन से प्रभावित पंचायतों में आरक्षण का निर्धारण तय नियमों के तहत किया जाएगा। इसके लिए संबंधित जिलों से जनसंख्या आंकड़े, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और महिला वर्ग का अनुपात आधार बनाया जाएगा।

उपायुक्तों को निर्देश दिए गए हैं कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए। प्रदेश में 84 नई पंचायतों के गठन की अधिसूचना जारी कर दी गई है। नई पंचायतों के गठन से कई मौजूदा पंचायतों की सीमाओं में बदलाव हुआ है, जिसके चलते रोस्टर निर्धारण का कार्य और अधिक महत्वपूर्ण हो गया है। उल्लेखनीय है कि सुप्रीम कोर्ट ने हिमाचल प्रदेश में 31 मई से पहले पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। अदालत के आदेश के बाद राज्य सरकार और राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनावी तैयारियों में तेज कर दी हैं। रोस्टर फाइनल होने के बाद चुनाव कार्यक्रम की घोषणा का रास्ता साफ हो जाएगा। माना जा रहा है कि अप्रैल के मध्य तक चुनाव प्रक्रिया की औपचारिक अधिसूचना जारी हो सकती है। ऐसे में प्रशासनिक स्तर पर सभी आवश्यक तैयारियां जोरों पर हैं।

हिमाचल में नई पंचायतें गठित की गई हैं। अब रोस्टर पर काम करने के निर्देश दिए गए हैं। 31 मार्च तक पंचायतीराज संस्थाओं के लिए आरक्षण रोस्टर फाइनल किया जाना है।- अनिरुद्ध सिंह, पंचायतीराज मंत्री हिमाचल प्रदेश