हिमाचल बनाम दिल्ली पुलिस’ विवाद से जोड़ा जा रहा फैसला
दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल में तैनात 2018 बैच के DANIPS अधिकारी ACP राहुल विक्रम का तत्काल प्रभाव से तबादला कर अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह भेज दिया गया है। 27 फरवरी को जारी आदेश में 11 अधिकारियों के तबादले की सूची में उनका नाम शामिल है। आधिकारिक तौर पर तबादले का कारण ‘प्रशासनिक’ बताया गया है, लेकिन इसे हिमाचल प्रदेश पुलिस के साथ हालिया विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो को इस कार्रवाई की मुख्य वजह माना जा रहा है। वीडियो में ACP कैमरे की ओर मुखातिब होकर बयान देते नजर आए, जिसे विभाग ने ‘रणनीतिक चूक’ के रूप में देखा। माना जा रहा है कि इससे ऑपरेशन की गोपनीयता और पुलिस की पेशेवर छवि प्रभावित हुई। मामले को गृह मंत्रालय ने संज्ञान में लिया। उल्लेखनीय है कि DANIPS कैडर के अधिकारियों के तबादले का अधिकार सीधे गृह मंत्रालय के पास होता है।
### क्या था पूरा विवाद?
विवाद की शुरुआत तब हुई जब दिल्ली पुलिस की टीम बिना स्थानीय पुलिस को पूर्व सूचना दिए रोहड़ू (शिमला) पहुंची और यूथ कांग्रेस के तीन पदाधिकारियों को हिरासत में लेने की कार्रवाई की। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने इसे प्रोटोकॉल का उल्लंघन बताया, जिसके बाद दोनों राज्यों की पुलिस के बीच तीखी बहस हुई।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में ACP राहुल विक्रम और स्थानीय पुलिस अधिकारियों के बीच बहस साफ देखी गई। बताया जा रहा है कि दो अलग-अलग स्थानों पर हिमाचल पुलिस ने दिल्ली पुलिस की टीम को रोका, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
हालांकि शुरुआत में लगा था कि हिरासत में लिए गए युवाओं को दिल्ली ले जाने के बाद मामला शांत हो जाएगा, लेकिन ACP के अचानक तबादले ने ‘हिमाचल बनाम दिल्ली पुलिस’ विवाद को फिर सुर्खियों में ला दिया है। विभागीय सूत्र इसे अनुशासन और गोपनीयता से जुड़े मानकों के सख्त अनुपालन के संकेत के रूप में देख रहे हैं।














































