मेला 10 मार्च को खत्म, फिर ठेकेदार पर मेहरबानी क्यों? कई सवाल खड़े

0
31

पांवटा साहिब: शहर में आयोजित होली मेले को लेकर अब कई तरह के सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन की ओर से मेला 10 मार्च को समाप्त बताया गया था, लेकिन इसके बावजूद मेले में लगे झूले और अन्य गतिविधियां 15 मार्च तक चलती नजर आ रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब मेला आधिकारिक तौर पर समाप्त हो चुका है तो फिर ठेकेदार को अतिरिक्त दिनों की छूट किस आधार पर दी गई है। यह भी सवाल उठ रहा है कि क्या इन अतिरिक्त 5 दिनों के लिए ठेकेदार प्रशासन को अलग से शुल्क देगा, या फिर बिना किसी अतिरिक्त भुगतान के ही यह अनुमति दी गई है।
इतना ही नहीं, देर रात 10 बजे के बाद भी झूले चलते देखे गये, जिससे नियमों के पालन और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि देर रात तक चलने वाली गतिविधियों से उन्हें भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों के बीच यह चर्चा भी तेज हो गई है कि आखिर प्रशासन ठेकेदार पर इतना मेहरबान क्यों रहा । क्या इसके पीछे कोई विशेष अनुमति या आदेश है, या फिर नियमों को नजरअंदाज किया जा रहा है।
अब आम लोगों की मांग है कि प्रशासन इस पूरे मामले में साफ-साफ स्थिति स्पष्ट करे, ताकि लोगों के मन में उठ रहे सवालों का जवाब मिल सके और नियमों का पालन भी सुनिश्चित हो सके।