आज नई दिल्ली में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भेंट कर हिमाचल प्रदेश के लिए उदार वित्तीय सहायता प्रदान करने तथा लंबित धनराशि शीघ्र जारी करने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को अवगत करवाया कि प्रदेश सरकार ने हिमाचल को वर्ष-2032 तक आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य रखा है। राज्य सरकार इस उद्देश्य की प्राप्ति के लिए विभिन्न योजनाएं शुरू कर रही है तथा वर्तमान योजनाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।
साथ ही, मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को प्रदेश सरकार द्वारा पर्यटन, हरित ऊर्जा, विद्युत् तथा अन्य क्षेत्रों में की गई पहलों की जानकारी दी। जल विद्युत् परियोजनाओं में राज्य के हितों की रक्षा की पैरवी की और इन परियोजनाओं को राज्य को लौटाने के लिए समय-सीमा निर्धारित करने का आग्रह किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तारीकरण पर भी चर्चा की। साथ ही, राज्य के सेब उत्पादकों के हितों की रक्षा का आग्रह किया तथा तुर्किए और अन्य देशों से सेब के आयात से जुड़ा मुद्दा भी उनके समक्ष रखा।
मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने मांगों को सुना और सेब के आयात से संबंधित मामले की समीक्षा करने तथा अन्य मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया।