परिवार मिलन समारोह एवं हास्य कवि सम्मेलन का आयोजन
पांवटा साहिब।
महाराजा अग्रसेन सभा (रजि.), पांवटा साहिब द्वारा आयोजित परिवार मिलन समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमामयी वातावरण में सफलतापूर्वक मनाया गया । कार्यक्रम में अग्रसेन समाज के लगभग 2000 वंशजों एवं सदस्यों ने सपरिवार उत्साहपूर्वक भाग लेकर समाज की एकता, सौहार्द एवं भाईचारे का प्रेरणादायक संदेश दिया।
ए वी एन रिसोर्ट में सायं 5:00 बजे प्रारंभ हुए इस समारोह में बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण हास्य कवि सम्मेलन रहा, जिसमें सुप्रसिद्ध कवयित्री योगिता चौहान, कवि सुंदर कटारिया तथा कवि सूरज ने अपनी हास्य एवं व्यंग्य रचनाओं से श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। उनके चुटीले अंदाज़ और प्रभावशाली प्रस्तुति ने पूरे पंडाल में ठहाकों का माहौल बना दिया।
इस अवसर पर सभा पदाधिकारियों ने समाज की एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन आपसी मेल-जोल को मजबूत करते हैं और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने समाज की उन्नति एवं समृद्धि के लिए सामूहिक संकल्प लिया। आयोजन को सफल, भव्य एवं यादगार बनाने में सभी सदस्यों के अमूल्य सहयोग की सराहना की गई।















































