नए साल के जश्न पर पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति, हुड़दंग मचाने वालों-नशे में वाहन चलाने वालों पर होगी सख्ती

0
17

नए साल के जश्न के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हिमाचल पुलिस ने कड़े इंतजाम किए हैं।

पुलिस मुख्यालय ने राज्य के सभी एसपी को स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि नशे में वाहन चलाने, तेज रफ्तार, हुड़दंग और सार्वजनिक शांति भंग करने जैसी गतिविधियों पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाए।

पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के अनुसार शिमला, मनाली, धर्मशाला, डलहौजी, कसौली सहित अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। वहीं भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। नए साल के दौरान नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ब्रीथ एनालाइजर से जांच, ओवरस्पीडिंग पर कड़ी नजर और बिना हेलमेट या सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों के चालान किए जाएंगे। यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए रातभर गश्त बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं। पुलिस को होटल, क्लब, रिजॉर्ट और अन्य सार्वजनिक स्थलों के आसपास विशेष निगरानी रखने को कहा गया है। किसी भी तरह की अव्यवस्था या कानून उल्लंघन पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। डीजीपी अशोक तिवारी ने कहा कि नववर्ष का स्वागत उत्साह के साथ-साथ जिम्मेदारी से किया जाना चाहिए। नशे में वाहन चलाना और हुड़दंग न केवल अपनी, बल्कि दूसरों की जान के लिए भी खतरा है। उन्होंने आम जनता और पर्यटकों से नियमों का पालन करने और सुरक्षित तरीके से न्यू ईयर मनाने की अपील की है।

महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष फोकस

महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। छेड़छाड़ या किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या हेल्पलाइन नंबर 112 पर देने का आग्रह किया गया है।