दुष्कर्म के मामले में भगोड़ा घोषित आरोपी गाजियाबाद से गिरफ्तार, अदालत ने भेजा 4 दिन के पुलिस रिमांड पर

0
3

सिरमौर। जिला सिरमौर की महिला पुलिस थाना और साइबर सेल की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म के मामले में अदालत द्वारा भगोड़ा घोषित किए गए आरोपी को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शुभम त्यागी पुत्र बलवीर सिंह निवासी जुडियाना, भगवानपुर, जिला हरिद्वार (उत्तराखंड) के रूप में हुई है।

आरोपी शुभम त्यागी के खिलाफ महिला थाना सिरमौर में भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (दुष्कर्म), 354 (शारीरिक छेड़छाड़) तथा आईटी एक्ट के तहत गंभीर मामला दर्ज था। अप्रैल 2024 में वह अदालत में पेश नहीं हुआ, जिसके बाद अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था।

पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी। साइबर सेल की मदद से आरोपी के गाजियाबाद में छिपे होने का सुराग मिला, जिसके बाद एक टीम को तुरंत वहां रवाना किया गया। गाजियाबाद से उसे गिरफ्तार कर सिरमौर लाया गया।

एएसपी सिरमौर योगेश रोल्टा ने बताया कि आरोपी को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि पूरे मामले की तह तक पहुंचा जा सके।

आरोपी की गिरफ्तारी से पीड़िता और उसके परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद जगी है। साथ ही पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में फरार चल रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।