तीर्थ स्थल बना पश्मी गांव, रोजाना हजारों श्रद्धालु कर रहे छतरधारी महाराज के दर्शन

0
20

पांवटा साहिब अमित कुमार

छतरधारी महाराज की तपोभूमि पश्मी गांव इन दिनों एक प्रमुख धार्मिक तीर्थ स्थल के रूप में उभरकर सामने आया है। पिछले करीब दो सप्ताह से यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। रोजाना एक से डेढ़ हजार श्रद्धालु महाराज के दर्शन के लिए पश्मी गांव पहुंच रहे हैं।

श्रद्धालु केवल हिमाचल प्रदेश से ही नहीं, बल्कि उत्तराखंड सहित अन्य पड़ोसी राज्यों से भी छतरधारी महाराज के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के चलते पूरे गांव में भक्तिमय और आध्यात्मिक वातावरण बना हुआ है।

शनिवार और रविवार को श्रद्धालुओं की संख्या में विशेष बढ़ोतरी देखी जा रही है। इन दिनों चार से पांच हजार तक श्रद्धालु मंदिर परिसर में पहुंचकर महाराज के दर्शन कर रहे हैं।

मंदिर समिति के अध्यक्ष प्रकाश ठाकुर ने बताया कि श्रद्धालुओं के आगमन से गांव में आस्था और भक्ति का माहौल बना हुआ है। समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं।

श्रद्धालुओं का कहना है कि छतरधारी महाराज के दर्शन से उन्हें आत्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा की अनुभूति हो रही है। श्रद्धालुओं की बढ़ती आस्था के चलते पश्मी गांव अब क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण धार्मिक आस्था केंद्र बनता जा रहा है।